
विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल 2025 में CISF ने रचा इतिहास
अमेरिका के बर्मिंघम में आयोजित विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेल 2025 में भारत की केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 64 पदक जीतकर देश का नाम विश्व पटल पर रोशन कर दिया। इस शानदार उपलब्धि ने भारत को कुल 560 पदकों के साथ समग्र पदक तालिका में तीसरा स्थान दिलाया।
प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 70 से अधिक देशों के 10,000 से ज्यादा एथलीटों ने हिस्सा लिया, जहां CISF की टीम ने अपने अभूतपूर्व प्रदर्शन, अनुशासन और समर्पण से भारत को गौरवान्वित किया।
यह भव्य आयोजन 30 जून से 6 जुलाई तक अमेरिका के बर्मिंघम में संपन्न हुआ। CISF की इस अद्वितीय सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि भारतीय सुरक्षाबल केवल सीमाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि खेल के मैदान में भी देश का परचम लहराने में सक्षम हैं।