अयोध्याउत्तर प्रदेश
जिलास्तरीय ‘हमारा आंगन हमारे बच्चे उत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ

जिलास्तरीय ‘हमारा आंगन हमारे बच्चे उत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ
अयोध्या
कंपोजिट विद्यालय डाभासेमर में जिलास्तरीय ‘हमारा आंगन हमारे बच्चे उत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी रहे। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर ने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व को निखारने के लिए उत्सव का आयोजन होना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उत्सव के मामले में रामनगरी पूरे विश्व में एक माडल बनकर उभरी है। इस विरासत को संरक्षित करना है। महापौर ने कहा कि नगर निगम की ओर से 70 आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण कराया जा रहा है। इसमें पढ़ने वाले बच्चों को बेहतर शिक्षा मुहैया कराने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहता है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लाल चन्द्र ने कहा कि नन्हें मुन्ने बच्चों की वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए सरकार की ओर से विविध कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। जिला समन्वयक प्रशिक्षण आदर्श सिंह ने कहा कि जन समुदाय के समक्ष पूर्व प्राथमिक शिक्षा की आवश्यकता एंव निपुण लक्ष्य प्राप्त करने हेतु जनसमुदाय को निपुण भारत की अवधारणा से अवगत कराना ही हमारा आंगन हमारे बच्चे उत्सव का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले जिले भर के कुल 60 लोगों को प्रमाणपत्र, अंगवस्त्र व शील्ड देकर सम्मानित किया गया। इसमें प्रत्येक विकासखंड से एक – एक नोडल शिक्षक, शिक्षक संकुल शिक्षामित्र तथा बाल विकास पुष्टाहार विभाग से सुपरवाइजर के साथ एक- एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता शामिल हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। नोडल एसआरजी मनीष रस्तोगी व एसआरजी अमित कुमार मिश्रा ने कार्यक्रम से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के बारे में शिक्षकों के बीच साझा किया। संचालन सदक ए हुसैन ने किया। कार्यक्रम में डायट प्रवक्ता डा. ऋषि कुमार व ज्ञानेंद्र सिंह,खंड शिक्षाधिकारी रामसुयस वर्मा व शैलेंद्र कुमार, एआरपी सारिका चौधरी व सृष्टि तिवारी, शालिनी पांडेय मौजूद रही।




