अयोध्याउत्तर प्रदेश
“समुत्कर्ष-समरस भारत महायज्ञ का भव्य शुभारंभ, अयोध्या में गूंजा सामाजिक समरसता का दिव्य संदेश

“समुत्कर्ष-समरस भारत महायज्ञ का भव्य शुभारंभ, अयोध्या में गूंजा सामाजिक समरसता का दिव्य संदेश
अयोध्या धाम
अभिनव भारत न्यास’ के तत्वावधान में “वसुधैव कुटुम्बकम” एवं “सर्वे भवन्तु सुखिनः” के मूल भाव पर आधारित दो दिवसीय ‘‘समुत्कर्ष-समरस भारत महायज्ञ’’ का शुभारंभ 11 अप्रैल 2026 को श्रीरामकथा पार्क, अयोध्या में भव्य रूप से हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री चंपत राय (महासचिव, श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट) सहित ब्रह्मर्षि मोहन जी, पूज्य महंत वनवारी पति जी महाराज, अरुण प्रकाश जी एवं महंत जनार्दन दास जी द्वारा भारत माता के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया।
उद्घाटन अवसर पर मंचासीन संत-महंतों का अभिनव भारत न्यास के सदस्यों व गणमान्य अतिथियों ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। अपने संबोधन में श्री चंपत राय ने छुआछूत को समाज की गंभीर बीमारी बताते हुए इसे जड़ से समाप्त करने का आह्वान किया। वहीं अरुण प्रकाश जी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पूरे देश में विस्तार देने की आवश्यकता पर बल दिया।
व्याख्यान सत्र में पूज्य महंत चंद्रांशु महाराज ने व्यक्ति के व्यक्तित्व विकास को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया और जाति-पांति के भेदभाव को समाप्त करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के अध्यक्ष अभिनव सिंह राजपूत ने कहा कि वैदिक काल में समाज समरस था और कर्म के आधार पर वर्ण व्यवस्था थी, जिसे सकारात्मक दृष्टिकोण से समझने की आवश्यकता है। उन्होंने मातृशक्ति के सशक्तिकरण और भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
महंत मुरारी दास वैष्णव जी ने जातिगत अभिमान को त्यागने और समाज में ज्ञान के आधार पर सम्मान देने की बात कही। आचार्य अरुण प्रकाश जी ने समरसता को “स्वीकृति का भाव” बताते हुए कहा कि धर्म का सार भगवान श्रीराम के आदर्शों में निहित है और वर्ण व्यवस्था को नकारात्मक रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
महायज्ञ के प्रथम दिवस पर अनेक संत-महंतों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने अपने आशीर्वचनों से कार्यक्रम को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान की और समाज में समरसता का संदेश प्रसारित किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अवध प्रांत संपर्क प्रमुख गंगा सिंह जी का विशेष सहयोग रहा।
इसके अलावा पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, जिला पंचायत प्रतिनिधि आलोक सिंह, पूर्व प्राचार्य अभय कुमार सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता अभय सिंह, युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री हर्षवर्धन सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती वंदना तिवारी एवं श्रीमती शशि साहू द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
दो दिवसीय इस महायज्ञ के माध्यम से समाज में समरसता, समानता और एकता का संदेश प्रसारित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे अयोध्या की पावन भूमि से व्यापक समर्थन मिल रहा है।




