अयोध्याउत्तर प्रदेश

हिन्दू महासभा 27 दिसंबर को छतरी यात्रा निकालकर हिन्दू राष्ट्र निर्माण एवं रामराज्य स्थापना का संकल्प लेगी : राष्ट्रीय मंत्री राकेश दत्त मिश्रा        

हिन्दू महासभा 27 दिसंबर को छतरी यात्रा निकालकर हिन्दू राष्ट्र निर्माण एवं रामराज्य स्थापना का संकल्प लेगी : राष्ट्रीय मंत्री राकेश दत्त मिश्रा
 अयोध्या
 अखिल भारत हिन्दू महासभा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी चेन्नई से अयोध्या तक हनुमान छतरी यात्रा निकालने जा रही है। हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी ने नई दिल्ली में कहा कि अयोध्या में पिछले 12 वर्षों से हिन्दू महासभा हनुमान छतरी यात्रा निकालते हुए हनुमान गढ़ी में भगवान हनुमान को छतरी समर्पित कर रही है। इस वर्ष तेरहवीं हनुमान छतरी यात्रा आगामी 27  दिसंबर को निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि अयोध्या में देश भर से एकत्र होने वाले कार्यकर्ता बिडला धर्मशाला से हनुमान गढ़ी तक छतरी यात्रा निकालते हुए भगवान् हनुमान को छतरी समर्पित करेंगे। हनुमान गढ़ी मे हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र कुमार द्विवेदी कार्यकर्ताओं को हिन्दू राष्ट्र निर्माण और रामराज्य स्थापना का संकल्प दिलवाएंगे।
     हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय मंत्री अधिवक्ता राकेश दत्त मिश्रा ने अयोध्या से आज जारी बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने हनुमान छतरी यात्रा कार्यक्रम का विवरण देते हुए बताया कि हिन्दू महासभा तमिलनाडु प्रदेश अध्यक्ष रमेश बाबू के नेतृत्व में हिन्दू महासभा कार्यकर्ता 19 दिसंबर को एक स्थानीय मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हनुमान गढ़ी में समर्पित होने वाली छतरी का पूजन करेंगे। पूजन के साथ राम राज्य की स्थापना और हिन्दू राष्ट्र निर्माण की संकल्प शक्ति के साथ यज्ञ हवन किया जाएगा।19 दिसंबर से 22 दिसंबर तक हिन्दू महासभा के कार्यकर्ता चेन्नई और उसके आस पास के विभिन्न धर्मस्थलों में जाकर छतरी का पूजन कर हिन्दू राष्ट्र निर्माण का संदेश जन जन को देंगे। साथ ही तीन नदियों का पवित्र जल संगृहीत कर चेन्नई से अयोध्या लाया जाएगा।
      अधिवक्ता मिश्र ने बताया कि 23 दिसंबर को तमिलनाडु प्रदेश अध्यक्ष रमेश बाबू के नेतृत्व में दक्षिण भारत के 50 श्रीराम भक्त कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल चेन्नई रेलवे स्टेशन से वाराणसी के लिए प्रस्थान करेंगे। 25 दिसंबर को वाराणसी पहुंचकर काशी विश्वनाथ मंदिर में भगवान शिव के दर्शन करेंगे। 26 दिसंबर को प्रतिनिधि मंडल अयोध्या पहुंचेगा। 27 दिसंबर को प्रातः 10 बजे बिड़ला धर्मशाला से हनुमान छतरी यात्रा आरंभ होगी और हनुमान गढ़ी पहुंचकर वहां के गद्दीनशीं महंत प्रेमदास जी महाराज को छतरी समर्पित करेंगे।
        जारी बयान के अनुसार अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष प्रोफेसर यशपाल सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंडित आत्माराम तिवारी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष स्वामी श्यामानंद जी महाराज, राष्ट्रीय संगठन मंत्री पवन शर्मा, राष्ट्रीय महामंत्री महा मँडलेश्वर ललितानंद जी महाराज , राष्ट्रीय मंत्री भगवान सिंह भाटी, राष्ट्रीय प्रचार मंत्री सत्येंद्र झा, राष्ट्रीय प्रचार मंत्री महामंत्री संजय भदोरिया, राष्ट्रीय प्रवक्ता मदन लाल गुप्ता, राष्ट्रीय धर्म आचार्य प्रमुख जूना अखाड़ा के महा मँडलेश्वर स्वामी मँगलानंद जी महाराज,उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मनोज शर्मा, अखंड आर्यावर्त आर्य त्रिदंडी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी सहित अनेक पदाधिकारी छतरी यात्रा में शामिल होने के लिए एक दिन पहले ही अयोध्या पहुंच जाएंगे। अयोध्या के धर्माचार्य स्वामी करपात्री जी महाराज, हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास जी महाराज, सहित अयोध्या के अनेक बड़े धर्माचार्यों को छतरी यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रण पत्र दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!