अयोध्याउत्तर प्रदेश
परिवहन विभाग द्वारा आयोजित हो रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का हुआ समापन

परिवहन विभाग द्वारा आयोजित हो रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का हुआ समापन
अयोध्या
मुख्य सचिव महोदय उ0प्र0 के निर्देशों के राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 01 जनवरी,2026 से 31 जनवरी,2026 तक मनाया गया जिसका समापन आज दिनांक 31.01.2026 को परिवहन विभाग के सौजन्य से गुरू नानक पब्लिक स्कूल अयोध्या में संपन्न हुआ।
आज दिनांक 31 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के समापन कार्यक्रम का आयोजन गुरु नानक गर्ल्स एकेडमी, अयोध्या में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सुश्री ऋतु सिंह, आरटीओ (प्रशासन), अयोध्या द्वारा सड़क सुरक्षा विषय की महत्ता पर तथ्यों सहित विस्तार से प्रकाश डाला गया।

अपने संबोधन में ऋतु सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अन्तर्गत मुख्यमंत्री जी, मपरिवहन मंत्री जी, शासन व परिवहन आयुक्त के मार्गदर्शन में 4ई- इंजीयरिंग, एड्यूकेशन, इन्फोर्समेण्ट एवं इमरजेन्सी के आधार पर सभी स्टेक होल्डर विभागों के द्वारा चौतरफा कार्यवाही की गयी जिसमें जागरूकता के साथ-साथ प्रवर्तन कार्यवाही की गयी। जब भी हम सड़क का उपयोग करें—चाहे पैदल, साइकिल, मोटरसाइकिल अथवा मोटरकार से—हमें सदैव सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। वाहन सावधानीपूर्वक चलाएँ, कभी भी नशे की अवस्था में अथवा तेज रफ्तार से वाहन न चलाएँ। दो-पहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें तथा चार-पहिया वाहन चालक सीट-बेल्ट का प्रयोग करें।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार एवं माननीय मुख्यमंत्री जी इस विषय पर अत्यंत संवेदनशील हैं। सड़क सुरक्षा कार्यक्रमों को ग्रामीण अंचलों तक पहुँचाने के उद्देश्य से ग्राम प्रधानों के स्तर तक बैठकें आयोजित कर जन-जन को जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में सभी विकास खंडों में पंचायती राज विभाग एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों द्वारा बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें उपस्थित ग्राम प्रधानों को रोड सेफ्टी से संबंधित कार्यों की जानकारी दी गई वहीं स्कूल कॉलेज में भी कार्यक्रम किए गये।

इस अवसर पर विश्वजीत सिंह, आरटीओ (प्रवर्तन), अयोध्या द्वारा कहा गया कि सड़क सुरक्षा का विषय तभी सार्थक होगा जब हम सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों को अपने दैनिक जीवन में आदत के रूप में विकसित करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज में आमूल-चूल परिवर्तन लाने में छात्र एवं छात्राएं सबसे प्रभावी माध्यम होते हैं। जब छात्र एवं छात्राएं स्वयं सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों का पालन करेंगे, तो भविष्य में भी ऐसा करते दिखाई देंगे तथा अपने अभिभावकों को भी इन नियमों के पालन हेतु प्रेरित करेंगे।
समापन समारोह में “दो-पहिया वाहन चालक हेलमेट लगाकर चलें” संदेश के प्रचार-प्रसार हेतु आयोजन में उपस्थित विभिन्न लोगों को हेलमेट वितरित किए गए तथा आरटीओ (प्रशासन) सुश्री रितु सिंह द्वारा सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम के अंत में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) द्वारा स्कूल प्रबंधन, सड़क सुरक्षा के कार्यों में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर एआरटीओ आर.पी. सिंह, गुलाबचंद, यात्री कर अधिकारी राजेश कुमार, श्रीमती रानी सेंगर, प्रिंसिपल गुरु नानक एकेडमी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इसके अलावा ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड टेस्टिंग इंस्टीट्यूट के पास शहर के उडिया चौराहे पर आरटीओ प्रशासन सुश्री ऋतु सिंह ने परिवहन कर्मचारियों सहित बिना हेल्मेट चल रहे राहगीरों , को जागरूक किया और हेल्मेट भी वितरित किए साथ ही पीछे बैठने वाले व्यक्तियों को हेल्मेट पहनने की हिदायत दी। महिलाओं में भी इस अभियान को देख कर खासा उत्साह देखने को मिला ।





