Uncategorized
श्री रामकथा महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया कथा स्थल का निरीक्षण

श्री रामकथा महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया कथा स्थल का निरीक्षण
अयोध्या
जनपद के सरायरासी में 19 मार्च से आयोजित होने वाली 9 दिवसीय श्रीराम कथा को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कथा आयोजन स्थल का जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने अपने प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित के साथ निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मंच, पंडाल, पार्किंग, पेयजल, शौचालय तथा श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था को लेकर संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 19 मार्च से शुरू होने वाली इस भव्य रामकथा में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविन्द देव गिरी जी महाराज कथा का वाचन करेंगे। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन समिति द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कार्यक्रम में व्यवस्था संभालने के लिए बड़ी संख्या में वालंटियर भी लगाए जाएंगे। 27 मार्च को भंडारे के साथ कथा का समापन किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने कहा कि यह आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने बताया कि कथा में अयोध्या सहित आसपास के कई जनपदों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचेंगे, इसलिए व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित और सुचारु रखने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
वहीं उनके प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ने बताया कि आयोजन समिति और स्थानीय लोग मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, बैठने और यातायात व्यवस्था को लेकर अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। सभी वालंटियर को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं ताकि कथा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।




