अयोध्याउत्तर प्रदेश

रामनगरी में 25 हजार से अधिक साधु-संतों ने ग्रहण किया प्रसाद, 100 साल का रिकॉर्ड टूटने का दावा

रामनगरी में 25 हजार से अधिक साधु-संतों ने ग्रहण किया प्रसाद, 100 साल का रिकॉर्ड टूटने का दावा
अयोध्या
 रामनगरी में आयोजित विशाल संत भंडारे में 25 हजार से अधिक साधु-संतों ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों ने इसे पिछले 100 वर्षों में आयोजित सबसे बड़े संत भंडारों में से एक बताते हुए नया कीर्तिमान स्थापित होने का दावा किया है। पूज्य जगद्गुरु स्वामी सतीशाचार्य महाराज की अध्यक्षता में आयोजित इस भव्य आयोजन में देश के विभिन्न मठों, मंदिरों और आश्रमों से बड़ी संख्या में साधु-संत शामिल हुए।
इस अवसर पर जगद्गुरु स्वामी सतीशाचार्य महाराज ने कहा कि किसी भूखे को भोजन कराना बड़ा पुण्य है, लेकिन साधु-संतों की सेवा और उन्हें श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कराना उससे भी बड़ा सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि उन्हें रामनगरी की पावन धरती पर संत समाज की सेवा करने का अवसर मिला, यह उनके लिए अत्यंत गौरव और सौभाग्य की बात है। अयोध्या की महिमा देव लोक से भी बढ़कर है। यहां की पावन भूमि और संत समाज को वह नमन करते हैं।
उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में संत सेवा का विशेष महत्व रहा है। संतों का आशीर्वाद ही किसी भी धार्मिक आयोजन की वास्तविक सफलता है। इस तरह के आयोजनों से समाज में धार्मिक आस्था, सेवा और समरसता की भावना मजबूत होती है।
भंडारे का आयोजन सुबह आठ बजे से शुरू होकर रात करीब 10 बजे तक चला। इस दौरान साधु-संतों को श्रद्धापूर्वक भोजन प्रसाद के साथ दक्षिणा भी प्रदान की गई। आयोजन में मुंबई के उद्योगपति डॉ. आरआर चतुर्वेदी मुख्य यजमान एवं आयोजक के रूप में परिवार सहित शामिल हुए।
आयोजन में उमड़ी संतों की विशाल संख्या और दिनभर चले सेवा कार्य ने इसे विशेष बना दिया। आयोजकों के अनुसार, इतने बड़े स्तर पर संतों की सेवा का उद्देश्य सनातन परंपरा को आगे बढ़ाना और संत समाज के प्रति श्रद्धा एवं समर्पण का भाव प्रकट करना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!