अयोध्याउत्तर प्रदेशधर्म

अयोध्या के मानस भवन में 19 नवंबर से भव्य रामकथा, जगद्गुरु श्री रामस्वरूपानंद जी महाराज करेंगे रामचरितमानस की अमृत वर्षा

अयोध्या के मानस भवन में 19 नवंबर से भव्य रामकथा, जगद्गुरु श्री रामस्वरूपानंद जी महाराज करेंगे रामचरितमानस की अमृत वर्षा
अयोध्या
रामनगरी अयोध्या के रामघाट चौराहे स्थित मानस भवन, परिक्रमा मार्ग पर 19 नवंबर से 25 नवंबर तक सात दिवसीय भव्य रामकथा का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक आयोजन में जगद्गुरु कामदगिरि पीठाधीश्वर महाराज श्री रामस्वरूपानंद जी के श्रीमुख से श्रद्धालुओं को रामचरितमानस का रसपान करने का अवसर मिलेगा। कथा के दौरान भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों, आदर्शों, मर्यादा और भक्ति भाव का विस्तार से वर्णन किया जाएगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए रायबरेली निवासी उमेश सिकरिया ने बताया कि यह आयोजन सिकरिया परिवार की ओर से किया जा रहा है। इसमें रायबरेली सहित देश के विभिन्न प्रदेशों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और धर्मप्रेमी शामिल होने अयोध्या पहुंचेंगे। प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रामचरितमानस की विस्तृत कथा होगी। जगद्गुरु महाराज के मुखारविंद से रामायण के प्रसंगों की व्याख्या सुनने का श्रद्धालुओं को विशेष अवसर मिलेगा।
उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को सुबह 9 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। सात दिनों तक चलने वाली कथा में प्रतिदिन भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े अलग-अलग प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। 19 नवंबर को रामकथा महात्म्य एवं मंगलाचरण, 20 नवंबर को शिव-पार्वती विवाह एवं सती चरित्र, 21 नवंबर को श्रीराम जन्मोत्सव एवं बाल लीलाएं, 22 नवंबर को विश्वामित्र प्रसंग और सीता-राम विवाह, 23 नवंबर को श्रीराम वनगमन एवं भरत चरित्र, 24 नवंबर को हनुमान चरित्र एवं सुग्रीव मिलन तथा 25 नवंबर को सुंदरकांड और श्रीराम राज्याभिषेक का प्रसंग सुनाया जाएगा।
कार्यक्रम में 22 नवंबर को वृंदावन से प्रसिद्ध भजन गायक विनोद अग्रवाल जी के शिष्य धीरज बवरा भी पहुंचेंगे। उनके द्वारा रामनाम संकीर्तन का विशेष आयोजन किया जाएगा। उमेश सिकरिया ने बताया कि संकीर्तन में श्रद्धालु भक्ति और संगीत के माध्यम से भगवान श्रीराम के नाम का गुणगान करेंगे।
उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठहरने, जलपान और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही अयोध्या के स्थानीय निवासियों से भी कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि अयोध्या की पावन धरती पर रामकथा का श्रवण करना सौभाग्य की बात है। सभी श्रद्धालु पहुंचकर महाराज श्री के श्रीमुख से रामायण की चर्चा सुनें और प्रभु की भक्ति में सहभागी बनें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!