अयोध्याउत्तर प्रदेश
श्रीरामकथा में जटायु उद्धार, शबरी मिलन और सुंदरकांड के प्रसंगों का हुआ भावपूर्ण वर्णन, भक्तिरस में डूबे श्रद्धालु

श्रीरामकथा में जटायु उद्धार, शबरी मिलन और सुंदरकांड के प्रसंगों का हुआ भावपूर्ण वर्णन, भक्तिरस में डूबे श्रद्धालु
अयोध्या
रामनगरी अयोध्या के रामघाट चौराहा स्थित मानस भवन, परिक्रमा मार्ग में आयोजित सात दिवसीय श्रीरामकथा में श्रद्धालु प्रतिदिन भगवान श्रीराम की भक्ति और रामचरितमानस के दिव्य प्रसंगों का रसपान कर रहे हैं। कथा के दौरान जगद्गुरु कामदगिरि पीठाधीश्वर रामस्वरूपानंद महाराज ने जटायु उद्धार, माता शबरी मिलन, हनुमान मिलन और सुंदरकांड के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
महाराज ने जटायु प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि माता सीता की रक्षा के लिए जटायु ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना रावण से युद्ध किया। भगवान श्रीराम ने जटायु को पिता समान सम्मान देकर उनका उद्धार किया। यह प्रसंग त्याग, समर्पण और प्रभु की भक्तों के प्रति असीम करुणा का संदेश देता है।
माता शबरी मिलन के प्रसंग में महाराज ने प्रेम, प्रतीक्षा और निष्कपट भक्ति का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के लिए जाति, वर्ग और वैभव का कोई महत्व नहीं है। प्रभु केवल सच्ची श्रद्धा और प्रेम के भूखे हैं। वहीं, हनुमान मिलन और सुंदरकांड के प्रसंगों में हनुमान जी की सेवा भावना, साहस और प्रभु श्रीराम के प्रति अटूट निष्ठा का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा पंडाल जय श्रीराम और जय हनुमान के जयकारों से गूंजता रहा।
देश के विभिन्न शहरों से पहुंच रहे श्रद्धालु
श्रीरामकथा में अयोध्या के अलावा देश के विभिन्न शहरों से भी श्रद्धालुओं की सहभागिता हो रही है। नागपुर से पद्मेश और कुंज बिहारी, कोलकाता से राजीव टेकरीवाल, गोरखपुर से कमल और अभिषेक तथा वाराणसी से आर.एन. श्रीवास्तव कथा में सम्मिलित हुए। इसके साथ ही रायबरेली, लखनऊ और कानपुर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर कथा का श्रवण कर रहे हैं।
प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित हो रही कथा में महाराज की ओजस्वी वाणी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक आनंद प्रदान कर रही है। आयोजक उमेश सिकरिया ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को भगवान श्रीराम की भक्ति, रामचरितमानस के आदर्शों और सनातन संस्कारों से जोड़ना है।




