Welcome to Avadh Bhaskar   Click to listen highlighted text! Welcome to Avadh Bhaskar
अयोध्याउत्तर प्रदेश

अयोध्या में भक्ति और संस्कृति का संगम, विजयवाड़ा के 225 उद्यमियों ने किए श्रीरामलला के दर्शन

अयोध्या में भक्ति और संस्कृति का संगम, विजयवाड़ा के 225 उद्यमियों ने किए श्रीरामलला के दर्शन
अयोध्या
रामनगरी अयोध्या में शुक्रवार को भक्ति, संगीत और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। राजस्थान के विजयवाड़ा इलेक्ट्रिकल डीलर्स एसोसिएशन (वेडा) के “डिवाइन वाराणसी-अयोध्या टूर” के तहत 225 सदस्यीय दल अयोध्या पहुंचा। श्रद्धालुओं ने श्रीरामलला एवं हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करने के साथ एक होटल में आयोजित भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया। देर रात तक चले आयोजन में श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते रहे और पूरा वातावरण “जय श्रीराम” के जयघोष से गूंजता रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कवयित्री वैष्णवी शर्मा की काव्य प्रस्तुति से हुआ। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्श, त्याग और मर्यादा पर आधारित रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इसके बाद प्रसिद्ध भजन गायिका स्वाती मिश्रा ने श्रीराम भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु देर तक तालियां बजाते और भक्ति में सराबोर होकर झूमते नजर आए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता महंत संजय दास ने कहा कि सनातन संस्कृति को जीवंत बनाए रखने और नई पीढ़ी तक उसके संस्कार पहुंचाने के लिए इस प्रकार के आयोजन अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने वेडा के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक यात्राएं केवल दर्शन तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी बनती हैं। इस अवसर पर निर्मोही अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत मुरलीदास भी उपस्थित रहे।
वेडा के अध्यक्ष रमेश जैन ने बताया कि 225 सदस्यीय दल ने सबसे पहले काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और गंगा आरती में भाग लिया। इसके बाद अयोध्या पहुंचकर श्रीरामलला एवं हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया। उन्होंने कहा कि रामनगरी की आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मीय वातावरण सभी श्रद्धालुओं के लिए जीवनभर की अविस्मरणीय स्मृति बन गया।
कार्यक्रम में वेडा के उपाध्यक्ष अशोक जैन, सचिव तमन्ना, ओमप्रकाश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!