अयोध्याउत्तर प्रदेश
राम मंदिर बनने से अयोध्या में बढ़ी फूलों की मांग : कुलपति

राम मंदिर बनने से अयोध्या में बढ़ी फूलों की मांग : कुलपति
कुमारगंज /अयोध्या
आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के हाईटेक हाल में “वर्षभर फूल उत्पादन और पूर्वी उत्तर प्रदेश में किसानों की आय, प्रबंधन एवं रणनीतियां” विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति डा. पी.एस प्रमाणिक, उपकार के उप महानिदेशक डा. परमेंद्र सिंह, वित्त नियंत्रक नीरज श्रीवास्तव एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर किया। सह अधिष्ठाता डा. भानुप्रताप सिंह ने सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न व बुके भेंटकर उनका स्वागत किया।
किसानों को संबोधित करते हुए कुलपति ने कहा कि विवि को गेंदा, गुलाब, मैरीगोल्ड फूलों की नर्सरी का हब बनाने पर कार्य करना होगा। जबसे अयोध्या में राम मंदिर बना है तबसे फूलों की मांग भी तेजी के साथ बढ़ी है। विवि में भी फूलों की खेती पर कार्य करने की जरूरत है जिससे कि भ्रमण पर विवि पहुंचने वाले किसानों में जागरूकता आ सके।
उपकार के उप महानिदेशक डा. परमेंद्र सिंह ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए अपनी आय को बढ़ाने का सबसे अच्छा स्त्रोत फूलों का उत्पादन है। फूलों की खेती कर किसान अच्छे तरीके से अपना जीविकोपार्जन कर सकते हैं। उप महानिदेशक ने कहा कि विवि की विकसित टेक्नोलॉजी को ट्रेनिंग के माध्यम से किसानों तक पहुंचाना होगा, जिससे कि किसानों को अधिक उत्पादन का लाभ मिल सके। वित्त नियंत्रक नीरज श्रीवास्तव ने कहा कि पौधों को ग्राफ्टिंग कर गमलों में लगाना चाहिए जिससे किसानों की आय में अधिक आमदनी हो सके। उन्होंने किसानों को हर क्षेत्र में एक अच्छी नर्सरी तैयार करने की बात कही। सह अधिष्ठाता डा. भानु प्रताप सिंह के संयोजन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर विवि के वित्त नियंत्रक, समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, वैज्ञानिक व आसपास के 30 किसान मौजूद रहे।




