कथावाचक देवेंद्र पाठक पर पत्नी के गंभीर आरोप, बोले- मामला 2016 से कोर्ट में

कथावाचक देवेंद्र पाठक पर पत्नी के गंभीर आरोप, बोले- मामला 2016 से कोर्ट में
अयोध्या
रामनगरी के चर्चित कथावाचक देवेंद्र पाठक को लेकर बुधवार को पारिवारिक विवाद सामने आया। प्रतापगढ़ निवासी जया पाठक ने अयोध्या में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देवेंद्र पाठक पर गंभीर आरोप लगाए। जया पाठक ने दावा किया कि वर्ष 2014 में उनकी शादी देवेंद्र पाठक से हुई थी और दोनों का एक बेटा भी है। महिला के अनुसार बेटा वर्तमान में देवेंद्र पाठक के पास है और वह अपने बेटे को अपने पास रखना चाहती हैं।
जया पाठक ने आरोप लगाया कि शादी के बाद कुछ समय तक दोनों के बीच वैवाहिक संबंध रहे, लेकिन बाद में रिश्तों में विवाद शुरू हो गया। महिला का आरोप है कि देवेंद्र पाठक अब दूसरी महिला के साथ रह रहे हैं। उन्होंने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर करने के साथ अयोध्या के वरिष्ठ अधिकारियों को भी प्रार्थना पत्र दिया है। जया पाठक ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और बेटे को अपने सुपुर्द किए जाने की मांग की है।
आरोपों को देवेंद्र पाठक ने बताया बेबुनियाद
वहीं पत्नी के आरोपों पर देवेंद्र पाठक ने अपना पक्ष रखते हुए सभी आरोपों को बेबुनियाद और निराधार बताया। उन्होंने कहा कि उनके और जया पाठक के बीच पारिवारिक विवाद वर्ष 2016 से ही न्यायालय में विचाराधीन है। उनके मुताबिक इलाहाबाद हाईकोर्ट में तीन अलग-अलग पारिवारिक वाद चल रहे हैं।
देवेंद्र पाठक ने कहा कि जब मामला न्यायालय में लंबित है तो अदालत के फैसले का इंतजार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि न्यायालय का आदेश ही इस मामले में सर्वमान्य होगा।
बेटा हमारे पास, अच्छे स्कूल में पढ़ रहा
देवेंद्र पाठक ने कहा कि उनका बेटा फिलहाल उनके पास है और उसकी अच्छी तरह से देखभाल की जा रही है। उन्होंने बताया कि बेटा अच्छे स्कूल में पढ़ रहा है। साथ ही दावा किया कि इस दौरान जया पाठक को कई लाख रुपये दिए गए हैं, जिसका रिकॉर्ड उनके पास मौजूद है।
बदनाम करने की साजिश का लगाया आरोप
देवेंद्र पाठक ने कहा कि उन्हें बदनाम करने की साजिश की जा रही है और इसमें कुछ लोग शामिल हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन है तो अलग-अलग जगह शिकायत करने का क्या औचित्य है। उन्होंने कहा कि वह न्यायालय के आदेश का पालन करेंगे।




