अयोध्याउत्तर प्रदेश

“नगर की सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत महापौर व नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

“नगर की सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत महापौर व नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
अयोध्या
संध्या सरोवर (लाल डिग्गी) की स्थिति में सुधार के लिए नगर निगम जल्द ही अयोध्या विकास प्राधिकरण के साथ संवाद स्थापित करेगा। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने इस बाबत  नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया है। वह नगर आयुक्त श्री जयेंद्र कुमार के साथ ‘नगर की सरकार आपके द्वार’ अभियान के तहत शुक्रवार को निरीक्षण कर रहे थे।
पुलिस लाइन तिराहा से महापौर ने सुबह 7:15 बजे नगर निगम की टीम के साथ निरीक्षण की शुरुआत की। पुष्पराज चौराहा के पास नाली की सफाई चल रही थी। उन्होंने शहीद फौव्वारा पर लगी अशफाक उल्ला खां की प्रतिमा पर छतरी लगवाने का निर्देश दिया। उन्होंने वीर सावरकर की प्रतिमा पर लगी छतरी के टेढ़ी होने पर नाराजगी जताई और उससे ठीक करने का निर्देश दिया। उन्होंने पार्क की सफाई कराने एवं फौव्वारा चालू कराने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने रेलिंग की पेंटिंग कराने और लगे हुए पौधों की छंटाई व सफाई कराने की हिदायत दी। इसके के बाद कोयला गली में जाकर जल निकासी से संबंधित चुनौतियों की जानकारी ली। उन्होंने अयोध्या प्राधिकरण के नाले के पास चेंबर में पटिया गिरी देखकर नाराजगी जताई। यहां से संध्या सरोवर (लाल डिग्गी) में पानी की कमी, सफाई का अभाव, जलकुंभी की प्रचुरता दिखी।  उन्होंने मोटर चलाकर नाले से गंदा पानी हटवाने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने नाले के चेंबर को सीवर से जोड़ने तथा डायवर्जन कैनाल चालू कराने, सीवर लाइन डलवाने की हिदायत दी।
यहां से चलकर नगर निगम की टीम आचार्य नरेंद्रदेव पार्क पहुंची। यहां अतिक्रमण देखकर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। अतिक्रमण हटाने तथा पार्क का डेकोरेशन कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। इस पार्क के सुंदरीकरण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। उन्होंने 15 दिन में काम न शुरू होने पर टेंडर निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया। महापौर ने कहा कि शहीद स्मृतिका को विशेष तौर से सजाया जाना चाहिए।
 नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश पांडेय ने बताया कि महापौर ने पुलिस लाइन नाले का निरीक्षण किया और उसे शुरुआत से अंत तक बेहतर ढंग से साफ करने का निर्देश दिया, ताकि जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। उन्होंने नाला निर्माण के लिए लेआउट का सर्वे करने का भी निर्देश दिया। इस दौरान पार्षद अखिलेश पांडे एवं अर्जुन यादव, पार्षद प्रतिनिधि अजय पांडेय, अपर आयुक्त भारत भार्गव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार, महाप्रबंधक जलकल सौरभ श्रीवास्तव, सहायक अभियंता सिविल राजपति यादव, भाजपा नेता रवि सोनकर, पूर्व पार्षद बुद्धिपाल प्रजापति भी मौजूद थे।
जांच में शुद्ध पाया गया पेयजल
-नगर निगम द्वारा घर-घर की जा रही जलापूर्ति की जांच केमिस्ट शशिशेखर मिश्र से कराई गई। जांच में टीडीएस 321 तथा पीएच मान 7. 03 पाया गया। इस दौरान पानी में क्लोरीन की उपस्थिति की पुष्टि हुई, जो शुद्ध पेयजल के मानक के अनुरूप रहा। भीषण गर्मी को देखते हुए पानी में क्लोरिनेशन की मात्रा समुचित बनाए रखने के निर्देश दिए।
नगर निगम के विशेष सत्र में आज होगी नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा
-नगर निगम अयोध्या शनिवार को विशेष सदन का आयोजन करेगा, जिसमें नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर चर्चा होगी। गांधी सभागार में दोपहर 12 बजे आयोजित होने वाले विशेष सत्र में नारी वंदन अधिनियम के पास न होने से पड़ने वाले असर पर चर्चा होगी। इसके साथ ही महिलाओं के लिए नगर निगम द्वारा किए गए कार्यों और भविष्य में उनकी जरूरत पर महिला पार्षद अपने विचार रखेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!