अयोध्याउत्तर प्रदेश
तपस्वी छावनी के उत्तराधिकारी राजर्षी महंत एकनाथ महाराज का बड़ा बयान चंपत राय पर लगे आरोप बेबुनियाद

तपस्वी छावनी के उत्तराधिकारी राजर्षी महंत एकनाथ महाराज का बड़ा बयान चंपत राय पर लगे आरोप बेबुनियाद
अयोध्या
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय पर लगे आरोपों के बीच तपस्वी छावनी की ओर से उनके समर्थन में बड़ा बयान सामने आया है। तपस्वी छावनी पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य के उत्तराधिकारी राजर्षी महंत एकनाथ महाराज ने अपने गुरुदेव का हवाला देते हुए कहा कि चंपत राय पर लगाए गए आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और निराधार हैं।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को चंपत राय अचानक तपस्वी छावनी पहुंचे, जहां उन्होंने तपस्वी छावनी पीठाधीश्वर जगद्गुरु परमहंस आचार्य से लगभग एक घंटे तक एकांत में विस्तृत चर्चा की। इस मुलाकात के बाद संत समाज की ओर से पहली बार सार्वजनिक रूप से चंपत राय के समर्थन में बयान सामने आया है।
राजर्षी महंत एकनाथ महाराज के अनुसार, उनके गुरुदेव का स्पष्ट मत है कि चंपत राय ने अपना संपूर्ण जीवन भगवान श्रीराम की सेवा और भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए समर्पित किया है। उनका कहना है कि जो व्यक्ति अपना पूरा जीवन श्रीराम के कार्य के लिए समर्पित कर सकता है, वह मंदिर की संपत्ति या श्रीराम के खजाने के साथ किसी प्रकार की अनियमितता नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा कि उनके गुरुदेव का मानना है कि पूरे प्रकरण की सच्चाई जल्द ही सामने आएगी और वास्तविक दोषियों का पर्दाफाश होगा। राजर्षी महंत एकनाथ महाराज ने न्यायपालिका पर विश्वास जताते हुए कहा, “जिस प्रकार हंस दूध और पानी को अलग कर देता है, उसी प्रकार सर्वोच्च न्यायालय भी दूध का दूध और पानी का पानी कर देगा।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले दिनों में पूरे मामले की वास्तविकता देश के सामने होगी और चंपत राय पर लगे आरोपों की सच्चाई स्पष्ट हो जाएगी। तपस्वी छावनी की ओर से आया यह बयान राम मंदिर से जुड़े घटनाक्रम के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




