अयोध्याउत्तर प्रदेश
भरतकुंड के विकास को लेकर लगे आरोप निराधार, हर संभव सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं : चेयरमैन राशिद खान

भरतकुंड के विकास को लेकर लगे आरोप निराधार, हर संभव सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं : चेयरमैन राशिद खान
अयोध्या
भरतकुंड मंदिर के महंत परमात्मा दास द्वारा नगर पंचायत अध्यक्ष राशिद खान पर विकास कार्यों की उपेक्षा और समस्याओं की अनदेखी के लगाए गए आरोपों पर राशिद खान ने विस्तार से अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि उनके ऊपर लगाए गए सभी आरोप तथ्यहीन हैं और नगर पंचायत की ओर से भरतकुंड क्षेत्र में लगातार विकास एवं साफ-सफाई के कार्य कराए जा रहे हैं।
राशिद खान ने बताया कि कुछ दिन पहले हुई भारी बारिश के कारण मंदिर परिसर में पानी भर गया था, जो एक प्राकृतिक स्थिति थी। इसकी जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल अधिशासी अधिकारी (ईओ) को निर्देश दिए, जिसके बाद कर्मचारियों को मौके पर भेजकर मोटर लगाकर मंदिर परिसर से पानी निकलवाया गया।
उन्होंने कहा कि महंत परमात्मा दास द्वारा यह कहना कि नगर पंचायत की ओर से कोई व्यवस्था नहीं की गई, पूरी तरह गलत है। उनके अनुसार चुनाव जीतने के बाद महंत की मांग पर मंदिर परिसर में सुलभ शौचालय का निर्माण कराया गया। इसके बाद चेंजिंग रूम भी बनवाया गया और शौचालय तक पहुंचने के लिए सड़क का निर्माण भी कराया गया।
राशिद खान ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले महंत ने एक नाली और अतिरिक्त सड़क निर्माण की मांग की थी। उन्होंने कार्य कराने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन अगले ही दिन भारी बारिश शुरू हो गई, जिससे कार्य प्रारंभ नहीं हो सका। इसके बाद अचानक उनके खिलाफ बयानबाजी शुरू हो गई।
उन्होंने कहा कि भरतकुंड के समग्र विकास का कार्य पर्यटन विभाग के अंतर्गत है। क्षेत्र के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए लगभग 64 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत हैं, जिन पर कार्य प्रस्तावित है। इसके बावजूद नगर पंचायत अपने स्तर से भी लगातार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
राशिद खान के मुताबिक नगर पंचायत की ओर से प्रतिदिन लगभग 10 से 12 कर्मचारियों की ड्यूटी भरतकुंड क्षेत्र में लगाई गई है। नियमित साफ-सफाई, चूना छिड़काव, कूड़ा उठाने की व्यवस्था की जाती है। इसके अलावा हाईमास्ट लाइट सहित पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराई गई है और मंदिरों की नियमित सफाई भी नगर पंचायत के कर्मचारी करते हैं।
भेदभाव के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए राशिद खान ने कहा कि कोई भी व्यक्ति आरोप लगा सकता है, लेकिन वास्तविक स्थिति का आकलन मीडिया और आम जनता स्वयं स्थल पर जाकर कर सकती है। उन्होंने कहा कि यदि उनके कार्यों में भेदभाव होता तो स्थानीय जनता उन्हें नगर पंचायत का अध्यक्ष नहीं चुनती। उन्होंने कहा कि भरतकुंड भगवान भरत की तपोस्थली है और उसके विकास के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।
गौरतलब है कि महंत परमात्मा दास ने हाल ही में भरतकुंड मंदिर परिसर में अनशन कर नगर पंचायत अध्यक्ष राशिद खान पर मंदिर परिसर में जलभराव, नाले की निकासी न होने, बढ़ते अतिक्रमण, ऐतिहासिक कुंड की गंदगी तथा श्रद्धालुओं को हो रही परेशानियों की अनदेखी का आरोप लगाया था। अब इन आरोपों पर नगर पंचायत अध्यक्ष राशिद खान ने अपना पक्ष सार्वजनिक करते हुए कहा है कि भरतकुंड के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।




