अयोध्याउत्तर प्रदेश

आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को  गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण कराया जाए: जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी

आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को  गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण कराया जाए: जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी
 अयोध्या
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी श्री शशांक त्रिपाठी ने तहसील रुदौली में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। इस अवसर पर माननीय विधायक रुदौली श्री रामचंद्र यादव, उप जिलाधिकारी रुदौली श्री विनोद गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के जनपद एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी के समक्ष मुख्य रूप से भूमि विवाद, सड़क, सुरक्षा, पेंशन, चकबंदी, चकमार्ग, अतिक्रमण एवं विद्युत सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित प्रकरणों में आपसी समन्वय के साथ स्थलीय जांच कराकर निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।
संपूर्ण समाधान दिवस में जनपद की पांचों तहसीलों में कुल 710 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 84 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। तहसील रुदौली में 181 शिकायतों में से 23, सदर में 105 में से 26, सोहावल में 134 में से 09, मिल्कीपुर में 200 में से 15 तथा बीकापुर में प्राप्त 90 शिकायतों में से 11 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लापरवाही पर विद्युत विभाग के जेई का उत्तरदायित्व निर्धारित करने के  निर्देश
संपूर्ण समाधान दिवस में तहसील रुदौली के सूफियाना पूर्वी निवासी श्री मकसूद आलम नूरी द्वारा विद्युत पोल से संबंधित समस्या का समाधान न किए जाने की शिकायत जिलाधिकारी से की गईं । शिकायत का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित प्रकरण में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा अधिशासी अभियंता विद्युत श्री रोहित जैन को रुदौली नगर के जेई श्री रितेश वर्मा का उत्तरदायित्व निर्धारित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत पोल की समस्या का तत्काल निस्तारण कराते हुए अवगत कराने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार मवई क्षेत्र निवासी एक वृद्ध महिला द्वारा आवास एवं पेंशन का लाभ दिलाए जाने हेतु जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया गया। जिलाधिकारी ने प्रकरण का संज्ञान लेते हुए खंड विकास अधिकारी रुदौली को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया जनशिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक विलंब के प्राप्त हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!