अयोध्याउत्तर प्रदेश
अयोध्याधाम में 2 से 4 अक्टूबर तक होगा महारुद्राभिषेक

अयोध्याधाम में 2 से 4 अक्टूबर तक होगा महारुद्राभिषेक
अयोध्या धाम
पितृपक्ष के पावन अवसर पर रामघाट क्षेत्र स्थित दिगंबर जैन मंदिर के समीप बड़ा भक्तमाल आश्रम में 2 से 4 अक्टूबर तक तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन होगा। गृहस्थ संत पं. अनिल प्रभाकर शास्त्री के सानिध्य में होने वाले आयोजन में देशभर से आए श्रद्धालु असंख्य पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर महारुद्राभिषेक करेंगे।
आयोजन ब्रह्मलीन पूज्य दद्दा जी की परंपरा के अंतर्गत दद्दा जी शिष्य मंडल एवं गुरु परिवार की ओर से किया जा रहा है। आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह चार बजे श्रद्धालु श्रीराम मंदिर की परिक्रमा करेंगे। इसके बाद पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार तीन दिनों में करीब 12 से 15 लाख पार्थिव शिवलिंग बनाए जाने का अनुमान है।
दोपहर 12:01 बजे आचार्यों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महारुद्राभिषेक होगा। इसके बाद निर्मित पार्थिव शिवलिंगों का सरयू नदी में विसर्जन किया जाएगा। प्रतिदिन 108 राम नाम की आहुतियों का विशेष हवन, शाम को भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी होंगे।
आयोजन में मध्य प्रदेश सहित देश के विभिन्न हिस्सों से करीब 10 से 12 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन की व्यवस्था आठ आश्रमों में की गई है। इस दौरान श्रद्धालु हनुमानगढ़ी, कनक भवन और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। आयोजकों के अनुसार पितृपक्ष में होने वाले इस अनुष्ठान को पितृ कल्याण और सद्गति की कामना से जोड़ा गया है।




