अयोध्याउत्तर प्रदेश
लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी के प्रथम सहादत दिवस पर लगेगा रक्तदान शिविर

लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी के प्रथम सहादत दिवस पर लगेगा रक्तदान शिविर
अयोध्या
कीर्ति चक्र से सम्मानित अमर शहीद लेफ्टिनेंट शशांक तिवारी के प्रथम शहादत दिवस पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि स्वरुप आगामी 22 मई को मानस नगर स्थित कल्याण मंडपम में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
यह पुनीत आयोजन राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन के बैनर तले जिला चिकित्सालय अयोध्या के सहयोग से संपन्न होगा।
शिविर को लेकर जनमानस में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 37 से अधिक युवाओं एवं समाजसेवियों ने रक्तदान हेतु अपना पंजीकरण करा लिया है। आयोजकों का मानना है कि यह रक्तदान शिविर केवल एक सामाजिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि मातृभूमि की रक्षा हेतु अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने का माध्यम बनेगा।
रक्तदान शिविर के संयोजक एवं भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुराग त्रिपाठी ने जनमानस से अधिकाधिक सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि हमारे सैनिक सीमाओं पर अपना रक्त बहाकर देशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। ऐसे वीर शहीदों की स्मृति में रक्तदान कर मानव जीवन बचाना ही उनके प्रति हमारी सच्ची कृतज्ञता और श्रद्धांजलि है। उन्होंने युवाओं से आगे आकर इस मानवीय अभियान का हिस्सा बनने का आह्वान किया।
‘ब्लड मैन’ के नाम से चर्चित संस्था के अध्यक्ष आकाश गुप्ता ने बताया कि जिला चिकित्सालय अयोध्या के ब्लड बैंक में रक्त की कमी लगातार बनी हुई है। लगभग 600 यूनिट क्षमता वाले ब्लड बैंक में वर्तमान समय में मात्र 52 यूनिट रक्त उपलब्ध है, जिसके कारण मरीजों एवं उनके परिजनों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि जिले के युवा नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आएं, तो किसी भी जरूरतमंद को रक्त के अभाव में परेशान नहीं होना पड़ेगा।
संस्था के महासचिव विजय वर्मा ने कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना संस्था का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा अब तक 180 से अधिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा चुका है तथा करीब दस हजार से अधिक मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराकर जीवनदान देने का कार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। यह शिविर युवाओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, राष्ट्रप्रेम और सेवा भावना को सुदृढ़ करने का कार्य करेगा।




